चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर CTU बस में लगी आग, टला बड़ा हादसा

WhatsApp Image 2026-08-06 at 10.03.47 PM

डिजिटल डेस्क। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) की एक बस में आग लगने से बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था। आग लगने के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, बस यात्रियों को एयरपोर्ट छोड़ने के बाद पार्किंग क्षेत्र में खड़ी थी। इसी दौरान इंजन में कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट होने से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बस चालक और एयरपोर्ट अधिकारियों को दी। बस चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में मौजूद अग्निशामक यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम भी मौके पर पहुंच गई और संयुक्त प्रयास से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास खड़े अन्य वाहनों और एयरपोर्ट परिसर को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद CTU प्रबंधन हरकत में आया। जांच में सामने आया कि बस स्टाफ ने इतनी गंभीर घटना की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। प्रबंधन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए नाराजगी जताई है और घटना की जानकारी छिपाने वाले संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।