कानपुर में पुलिस मुठभेड़ : वांछित अभियुक्त के दोनों पैरों में लगी गोली, गिरफ्तार

रवि शर्मा, कानपुर: साढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और वांछित अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में एक-एक गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को थाना साढ़ पुलिस टीम दरगाही नहर पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल सवार ने वाहन मोड़कर मौके से भागने की कोशिश की। तेज रफ्तार के चलते मोटरसाइकिल फिसल गई और आरोपी सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में एक-एक गोली लगी। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
घायल आरोपी की पहचान आशीष उर्फ काशी पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम दलेलपुर, थाना बिधनू, कानपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना साढ़ में दर्ज मु0अ0सं0 253/2026 में वांछित था। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में धारा 103(1), 109(1) और 309(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज है।
घायल आरोपी अस्पताल भेजा गया
मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भीतरगांव भेजा गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ के दौरान बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।