सावन के प्रथम सोमवार पर धर्मगढ़ बाबा धाम में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

▪️सावन के प्रथम सोमवार पर खेरेश्वर घाट से 51 लीटर जल की कांवड़ लाकर धर्मगढ़ बाबा का किया जलाभिषेक


कानपुर देहात। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर शिवभक्ति का अनुपम उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने खेरेश्वर घाट से 51 लीटर पवित्र जल की कांवड़ भरकर पदयात्रा कर धर्मगढ़ बाबा मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।

51 लीटर गंगाजल से भोलेनाथ को किया जलाभिषेक


इस धार्मिक आयोजन में तेज बहादुर, सूरज ठाकुर, कुलदीप यादव, गोलू, सुरेश दिवाकर एवं महंत हर्ष दिवाकर सहित अन्य शिवभक्तों ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा संपन्न की। श्रद्धालुओं ने 51 लीटर पवित्र जल भगवान भोलेनाथ को अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

प्रथम सोमवार पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


धर्मगढ़ बाबा मंदिर में जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, पुष्प, धतूरा, भांग, फल एवं प्रसाद अर्पित कर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और शिव भजनों के बीच भक्तों ने भोलेनाथ का गुणगान किया।

भोलेनाथ को जलाभिषेक करने से पूर्ण होती मनोकामनाएं


श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन का प्रथम सोमवार भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व रखता है। इस दिन श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक करने से भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।