सरकारी दाम पर जिले के खिलाड़ी शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में ले सकेंगे प्रशिक्षण

डिजिटल डेस्क । कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित हुई जिला प्रशासन, जिला विकास एवं खेलकूद प्रोत्साहन समिति और प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में एक बड़ा फैसला लिया गया कि ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में भी अब खिलाड़ी सरकारी स्टेडियम की फीस के आधार पर प्रशिक्षण ले सकेंगे। बैठक जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में हुई। यहां पर जिला विकास एवं खेलकूद प्रोत्साहन समिति की समीक्षा बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा निर्मित शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में सरकारी स्टेडियम की तर्ज पर 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वित्तीय वर्ष की वार्षिक सदस्यता शुल्क 210 रुपये और 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए प्रथम माह 310 रुपये व प्रत्येक माह 200 रुपये सदस्यता शुल्क निर्धारित की गई। वहीं जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की ओर से प्रशिक्षकों की व्यवस्था कर फुटबाल, बास्केटबाल, वालीबाल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग, शतरंज सहित विभिन्न खेलों के कोचिंग कैंप संचालित किए जाने की सहमति बनी। इसके अलावा जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कराए जाने पर सहमति बनी।बैठक में यह प्रस्ताव भी हुए पास :बैठक में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डा. परवेज अली की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव भी पास किए गए। इसमें बास्केटबाल, कबड्डी एवं नेटबाल कोर्ट के चारों ओर जल निकासी के लिए पाइप लाइन की व्यवस्था, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के मुख्य द्वार के समीप इंटरलाकिंग कार्य, ग्राम सोरखा स्थित कुश्ती अखाड़े को तीन ओर से कवर करने, वहां मिनी जिम स्थापित करने, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के तीनों हाल में दरवाजों, शीशों एवं सीलिंग की मरम्मत, जिम हाल में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, कबड्डी एवं नेटबाल मैदानों का सीमेंटेड सतह एवं मार्किंग सहित विकास, जिम एवं बाक्सिंग हाल में एग्जास्ट फैन लगाने, घास काटने वाली मशीन की मरम्मत, ओपन जिम के चारों ओर रेलिंग लगाने तथा स्टेडियम में विद्युत कार्यों के लिए इलेक्ट्रीशियन की व्यवस्था कराई जाएगी। इससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का बेहतर अवसर उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि शहीद विजय सिंह पथिक कांप्लेक्स में ये कोचिंग कैंप तब तक संचालित किए जाएंगे, जब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने स्तर से खेल गतिविधियों का संचालन प्रारंभ नहीं कर देता। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि जनपद के विद्यालयों के अनुदेशकों एवं छात्र-छात्राओं का रोस्टर तैयार कर उन्हें नियमित रूप से शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित विभिन्न खेल गतिविधियों में प्रतिभाग कराया जाए।
बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, उप जिलाधिकारी एवं सचिव, जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति अरविंद मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, पूर्व राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी मंजीत सिंह, अमृता चौधरी, शिवेंद्र सिंह, पथिक स्टेडियम के प्रबंधक हरे कृष्णा, सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।