कारोबारलखनऊ

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से की UPITS में भागीदारी की अपील

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से की UPITS में भागीदारी की अपील
  • 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण

डिजिटल डेस्क, लखनऊ/गौतमबुद्ध नगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण को लेकर प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखी है। UPITS 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड की संयुक्त पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में शुरू किया गया यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उत्पादों, उद्यमियों और स्थानीय क्षमताओं को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने की पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ODOP और MSME के माध्यम से चार करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।

सीएम योगी ने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) की सफलता से प्रेरणा लेकर नई पहल ODoc शुरू की गई है। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश को बीमारू प्रदेश की छवि से बाहर निकालकर विकास और अवसरों वाले प्रदेश के रूप में आगे बढ़ाना बड़ी चुनौती थी। उन्होंने निर्यात में प्रदेश की भागीदारी दो लाख करोड़ रुपये से अधिक होने और निवेश के लक्ष्य के 15 लाख करोड़ रुपये से आगे निकलने का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश-विदेश से लोग निवेश करना चाहते हैं। निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और इसका लाभ प्रदेश के युवाओं को मिलता है। UPITS स्थानीय सामर्थ्य को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है।

इस बार UPITS में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ घरेलू B2B और B2C खरीदारों को भी जोड़ने की व्यवस्था की गई है। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों और सेवाओं को व्यापक बाजार तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं, विद्यार्थियों, नवोदित और भावी उद्यमियों से ट्रेड शो का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने नए संपर्क बनाने, नए बाजार तलाशने और अपनी प्रतिभा के अनुरूप अवसर खोजने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं से उद्यमिता के प्रति जागरूक होने और आसपास उपलब्ध अवसरों को पहचानने का संदेश दिया।

सीएम योगी ने कहा कि युवाओं और उद्यमियों के प्रयासों से स्थानीय सामर्थ्य वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा। उन्होंने विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने के लिए युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की।