शिक्षाउत्तर प्रदेश

आजमगढ़ शिक्षकों की कमी से भड़का छात्र,Gen-Alpha का विरोध प्रदर्शन

आजमगढ़ शिक्षकों की कमी से भड़का छात्र,Gen-Alpha का विरोध प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, उत्तर प्रदेश : आजमगढ़ में आगामी बोर्ड परीक्षाओं से ठीक पहले केमिस्ट्री सहित कई विषयों के शिक्षक न होने से छात्र बेहद नाराज हैं। भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के अध्यापक न होने से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप लगाया है । छात्रों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

बता दें कि अजमतगढ़ इंटर कॉलेज में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापक नहीं होने से नाराज बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में करीब 26 वर्षों से रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान के नियमित अध्यापक नहीं हैं, जबकि पिछले कुछ वर्षों से गणित के शिक्षक की कमी भी बनी हुई है।

विद्यार्थियों का कहना है कि इंटर स्तर पर इन प्रमुख विषयों के शिक्षक नहीं होने से उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और परीक्षा तथा भविष्य को लेकर वे चिंतित हैं। छात्रों ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि कुछ शिक्षक समय से विद्यालय नहीं पहुंचते और नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं होतीं। विद्यार्थियों ने मांग की कि संबंधित विषयों के नियमित और योग्य शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की जाए तथा विद्यालय की पूरी शिक्षण व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए।

समाधान नहीं होने पर करेंगे आंदोलन

धरने के दौरान छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। विद्यार्थियों के प्रदर्शन से विद्यालय परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।आजमगढ़ पुलिस ने अपने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी दी। मंगलवार को स्मिथ इंटर कॉलेज में केमिस्ट्री शिक्षक की नियुक्ति की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के गेट पर करीब 20 से 25 मिनट तक प्रदर्शन किया था।