डिजिटल डेस्क, लखनऊ। नीट यूजी 2026 के माध्यम से एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशालय ने काउंसलिंग की संशोधित समय सारणी जारी की है। इसके तहत अभ्यर्थियों को एक बार फिर च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग का अवसर दिया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 21 सितंबर शाम पांच बजे तक अपनी च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग कर सकेंगे। इसके बाद 22 सितंबर को सीट आवंटन का परिणाम घोषित किया जाएगा।
सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को 23 से 26 सितंबर के बीच आवंटन पत्र डाउनलोड कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। संशोधित कार्यक्रम जारी होने के बाद एमबीबीएस और बीडीएस में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा में सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग से संबंधित अपडेट और दिशा-निर्देशों के लिए चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशालय की आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें।

