देशगौतम बुद्ध नगर

झूठ की गूंज में कांग्रेस के युवराज का आचरण नारी शक्ति का अपमान : सीएम योगी

झूठ की गूंज में कांग्रेस के युवराज का आचरण नारी शक्ति का अपमान : सीएम योगी

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित दो दिवसीय ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी पर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्हें ‘कांग्रेस का युवराज’ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने झूठ की गूंज में उन्होंने जिस प्रकार का आचरण किया, वह पूरी नारी शक्ति का अपमान है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे लोगों से उम्मीद करना छोड़ देना चाहिए। ऐसे लोग पथभ्रष्ट और मार्ग से भटके हुए हैं, जिनका लक्ष्य समाज में भ्रम पैदा कर अव्यवस्था और अराजकता फैलाना है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के वक्तव्य को दुर्भाग्यपूर्ण और डरावना बताते हुए कहा कि महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर रहे व्यक्ति से पद की गरिमा के अनुरूप आचरण की अपेक्षा होती है। उन्होंने कहा कि यदि वह भारत की समदृष्टि को समझ पाते तो भारत, भारतीयता और हिंदू दृष्टि को नहीं कोसते।

नारी सशक्तीकरण भाषण से नहीं, काम से होगा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी गरिमा की रक्षा और महिला सशक्तीकरण केवल भाषणों से संभव नहीं है। सरकार ने योजनाओं और कार्यक्रमों में महिलाओं को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि देश में तीन करोड़ परिवारों को घरौनी के माध्यम से मकान का मालिकाना अधिकार दिया गया है, जिसमें महिलाओं को पहला अधिकार दिया गया। 12 करोड़ परिवारों को एलपीजी कनेक्शन और 12 करोड़ घरों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उत्तर प्रदेश में 54 हजार बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी गांवों में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

उन्होंने झांसी की बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2019 में पांच महिलाओं से शुरू हुआ यह समूह आज 62 हजार महिलाओं को जोड़ चुका है। इसका टर्नओवर 115 करोड़ रुपये है और प्रत्येक महिला प्रतिमाह आठ से 10 हजार रुपये तक कमा रही है। आगरा, काशी, गोरखपुर और लखनऊ में भी मिल्क प्रोड्यूसर समूह संचालित हो रहे हैं, जिनसे करीब चार लाख महिलाएं जुड़ी हैं।

महिला पुलिस की संख्या 50 हजार के पार होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिलाएं थीं, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 44 हजार हो चुकी है। अगले तीन-चार महीने में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 50 हजार से अधिक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला वर्कफोर्स की भागीदारी भी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36-37 प्रतिशत तक पहुंची है।

डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप की नई योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आठ हजार न्याय पंचायतों में से चार हजार में महिला उद्यमियों को जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।

9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास देश की सबसे बड़ी युवा शक्ति है और प्रदेश की आबादी में 56 प्रतिशत युवा हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में करीब सवा तीन करोड़ युवा काम कर रहे हैं।

योगी ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है, जिससे 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

120 से कम स्टार्टअप से बढ़कर संख्या 24 हजार के पार

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में 120 से भी कम स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है। इनमें करीब आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और वीर सावरकर जैसे राष्ट्रीय नायकों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

‘अब यूपी को कोई बीमारू राज्य नहीं कहता’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट में तीन गुना वृद्धि हुई है। कभी बीमारू राज्य कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट और देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सामने अब पहचान का संकट नहीं है। उनके अनुसार यह बदलाव विरासत के सम्मान तथा अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से आया है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग पहले उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा करते थे, वे फिर दंगा, कर्फ्यू, समाज को बांटने, भेदभाव, अव्यवस्था और अराजकता का दौर लाना चाहते हैं।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में ‘केशव संवाद’ और ‘प्रेरणा विचार’ की वैचारिक यात्रा पर आधारित वीडियो प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री को दोनों पत्रिकाओं की प्रतियां भी सौंपी गईं। एक अन्य वीडियो के माध्यम से प्रदेश की नारी और युवा शक्ति की बदलती तस्वीर प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, प्रेरणा विमर्श के कार्यकारी अध्यक्ष वीके गुप्ता, अध्यक्ष अनिल त्यागी, डॉ. मनमोहन सिंह सिसोदिया, प्रेरणा शोध संस्थान की अध्यक्ष प्रीति दादू, सचिव मोनिका चौहान, संसद टीवी के संपादक श्याम किशोर समेत गौतमबुद्ध नगर के जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवक मौजूद रहे।