डिजिटल डेस्क, लखनऊ: बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के अंतिम सप्ताह में जरूरी सूचना सामने आई है। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसके चलते इन तीन दिनों के दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाएं उपलब्ध रहने की संभावना है, लेकिन शाखाओं से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं।
बैंक कर्मचारियों की ओर से प्रस्तावित हड़ताल को लेकर बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटाने की सलाह दी है। ग्राहकों से अपील की गई है कि वे नकद निकासी, चेक जमा, ड्राफ्ट, बैंक शाखा से जुड़े अन्य जरूरी कार्य निर्धारित तारीख से पहले पूरा कर लें, ताकि हड़ताल के दौरान परेशानी न हो।
हड़ताल के समर्थन में बैंक कर्मचारी संगठन लखनऊ में भी आंदोलन करेंगे। कर्मचारी संगठनों की ओर से 22 सितंबर को धरना देने की तैयारी है। इसके बाद 25 सितंबर को धरना-प्रदर्शन के साथ रैली निकाली जाएगी। संगठन अपनी मांगों को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन के समक्ष विरोध दर्ज कराएंगे।
प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के कारण देशभर में बैंक शाखाओं के कामकाज पर असर पड़ सकता है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्यों की योजना पहले से बना लें और ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधाओं का भी उपयोग करें।

