रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता
कानपुर देहात। जहां धर्म अर्थ काम मोक्ष प्राप्त होते हैं वही बड़ा मंगल बुढ़वा मंगल है। बुढ़वा मंगल को हनुमान जी का पूजन करने से प्रभु श्री राम की कृपा प्राप्त होती है। उक्त विचार बुढ़वा मंगल के अवसर पर हनुमान पुर कडरी स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी कल्लू बाजपेयी ने उपस्थित भक्तों के बीच व्यक्त किए। बुढ़वा मंगल के अवसर पर हवन पूजन के बाद विशाल भंडारा एवं आश्रम में धनुष यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शोभन मंदिर में भक्तों ने गढ़ी भगवान एवं गुरुदेव भगवान तथा शोभन सरकार के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनाया। बुढ़वा मंगल के अवसर पर कड़री आश्रम में धनुष यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश के ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा किया गया। धनुष यज्ञ कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व ब्लाक प्रमुख विपिन शर्मा बब्बन ने भगवान श्री राम की पावन आरती कर किया।
बताते चलें कि प्रतिवर्ष बुढ़वा मंगल के पावन पर्व पर उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शोभन आश्रम में गढ़ी भगवान एवं ब्रह्मलीन सद्गुरु भगवान रघुनंदन स्वामी ब्रह्मलीन स्वामी विरक्तानन्द जी महाराज शोभन सरकार के दर्शन करने के लिए भक्तों का भारी सैलाब उमड़ पड़ता है। इस बार भी बुढ़वा मंगल के पावन पर्व पर हजारों की तादाद में भक्तों ने शोभन मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनाया। इस दौरान शोभन आश्रम में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। बुढ़वा मंगल के अवसर पर कड़री आश्रम के पुजारी कल्लू पांडेय ने भक्तजनों को बताया कि इस अवसर पर हनुमान जी की पूजा करने से भगवान श्री राम के चरणों में स्थान प्राप्त हो जाता है। बुढ़वा मंगल के अवसर पर आश्रम में प्रदेश के ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा धनुष यज्ञ कार्यक्रम का सजीव मंचन किया गया। धनुष यज्ञ कार्यक्रम के मंचन में विदेह राज राजा जनक के कारुणिक विलाप को सुनकर दर्शक भाव विभोर हो उठे वहीं परशुराम एवं लक्ष्मण के बीच हुए विद्वतापूर्ण तार्किक संवादों को सुनकर रोमांचित हो उठे। धनुष यज्ञ कार्यक्रम के अंत में परशुराम जी श्रीराम को भगवान विष्णु का दिया हुआ धनुष प्रदान करते हैं उनके हाथ में धनुष आते ही स्वयं प्रत्यंचा चढ़ जाती है। इस पर ब्रह्म को पहचान परशुराम भगवान की स्तुति करते हुए महेंद्रा चल की ओर प्रस्थान करते हैं। कार्यक्रम में राम की भूमिका सुमित शुक्ला लक्ष्मण की भूमिका लखन तिवारी एवं परशुराम की भूमिका गोपाल अवस्थी ने प्रस्तुत की। धनुष यज्ञ कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सर्वराकार अन्नू बाजपेयी मौजी अग्निहोत्री रामू शुक्ला शिव प्रसाद शुक्ला रामू मिश्रा गुड्डू दीक्षित अजय बलराम दीक्षित राजेश मिश्रा मानस बाजपेयी आदि लोग मौजूद रहे। शोभन मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था हेतु कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
