डिजिटल डेस्क , नई दिल्ली: दिल्ली उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शनिवार को नई दिल्ली में मुलाकात की है। प्रधानमंत्री आवास पर हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री को फिरोजाबाद के ODOP ग्लासवर्क से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की है। देश और प्रदेश के शीर्ष नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई है। मुख्यमंत्री ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन उन्हें ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण के लिए निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दिल्ली दौरे पर हैं। अपने इस दौरै पर उन्होंने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा फिलहाल सामने नहीं आया है। मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा ऐसे समय हुआ है जब उत्तर प्रदेश में सरकार और संगठन से जुड़ी गतिविधियां लगातार चल रही हैं। हालांकि इन मुलाकातों में किन विषयों पर चर्चा हुई, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी के बिना किसी राजनीतिक एजेंडे की पुष्टि नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री योगी इससे पहले भी दिल्ली दौरों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और जेपी नड्डा समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करते रहे हैं। मुख्यमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात करेंगे। यूपी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के बीच एक घंटे तक चली बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई है, बीजेपी की तरफ से अभी इस बारे में आधिकारिक रूप से नहीं बताया गया है।
आपसे मिलकर मुझे सदैव नई ऊर्जा मिलती-CM
सीएम योगी ने मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की है । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन उन्हें ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण के लिए नई ऊर्जा देता है और मुलाकात के लिए उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अमूल्य समय प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार।
