अपार आइडी बनाने में स्कूलों की मनमानी जारी, 265 स्कूलों को भेजे गए नोटिस का नहीं मिला जवाब

गौतमबुद्ध नगरः जिले के स्कूलों की अपार आईडी बनाने में लगातार मनमानी जारी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से 265 स्कूलों को नोटिस जारी किए जाने के बाद भी अभी तक जवाब नहीं दिया गया है। हालात यह हैं कि इन स्कूलों में पढ़ने वाले एक लाख से अधिक छात्रों की अपार आइडी अब तक नहीं बन पाई है। इसके बावजूद विभाग के आदेश का स्कूल संचालकों पर कोई खास असर नहीं दिखा। 265 स्कूलों को बुलाए जाने के बावजूद बीएसए कार्यालय में एक भी स्कूल के प्रतिनिधि नहीं पहुंचे। स्कूलों के प्रतिनिधियों के अनुपस्थित रहने से अधिकारियों की नाराजगी बढ़ गई है। इससे यह भी साफ हो रहा है कि स्कूल संचालक विभागीय अधिकारियों के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। अधिकारियों की ओर से स्कूलों को कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं। काम में तेजी नहीं आने पर अब अनुपस्थित रहने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती एक लाख से अधिक छात्रों की लंबित अपार आइडी का कार्य जल्द पूरा कराना है। 12 अगस्त को फिर से स्कूलों को बुलाया गया है। अब इसके बाद इन स्कूलों के यूडाइस कोड बंद होंगे।