बाल कारागार से इलाज को लाया गया किशोर कैदी इमर्जेंसी वार्ड से लापता

कुलदील दुबे, संवाददाता
इटावा। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब पेट दर्द के इलाज के लिए भर्ती कराया गया एक बाल अपचारी चकमा देकर फरार हो गया। फरार किशोर की पहचान कानपुर के काकादेव निवासी विशाल शुक्ला के रूप में हुई है, जिसे जनवरी 26 में कानपुर के बर्रा थाने से चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर इटावा के बाल कारागार भेजा गया था। पिछले तीन दिनों से लगातार पेट दर्द की शिकायत करने पर बाल कारागार प्रशासन ने कल शाम ही उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया था। सुबह जब सुरक्षाकर्मी और अस्पताल स्टाफ वार्ड में पहुंचे तो बेड खाली देखकर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी और सिविल लाइन थाना प्रभारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।