PM मोदी पर खरगे ने साधा निशाना, बोले हर चीज का श्रेय लेते हैं… यह अच्छा है कि दावा नहीं करते कि दुनिया केवल उनकी वजह से चल रही

WhatsApp Image 2026-08-15 at 2.11.05 PM

डिजिटल डेस्क : भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। तिरंगा फहराने के बाद खरगे के साथ कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे। खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से दिए गए भाषण पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के विकास और बदलाव के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों से जुड़ी कई बड़ी कल्याणकारी योजनाएं संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के दौरान बनाई गई थीं। उन्होंने कहा, लाल किले से प्रधानमंत्री हर चीज का श्रेय लेते हैं। यह अच्छा है कि वह यह दावा नहीं करते कि दुनिया केवल उनकी वजह से चल रही है। 

मूलभूत अधिकार देने में नाकाम और संसद के प्रति जवाबदेही से बचने का लगाया आरोप

खरगे ने मौजूदा सरकार के कामकाज की तुलना पिछली कांग्रेस सरकारों के काम से की। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकारों के काम को देश निर्माण की विरासत बताया। यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर मूलभूत अधिकार देने में नाकाम रहने, संसद के प्रति जवाबदेही से बचने और बांटने की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

खरगे ने इन अधिकारों का श्रेय कांग्रस को दिया

  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अधिकार आधारित व्यवस्था को मजबूत करने में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की भूमिका का जिक्र किया।
  • उन्होंने यूपीए सरकार को भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और काम का अधिकार (मनरेगा) जैसे अहम अधिकार देने का श्रेय दिया।
  • उन्होंने कहा, पूरा श्रेय हमारी कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी को जाता है। उन्होंने कड़ी मेहनत की, एक टीम बनाई और उनसे नीतियां बनाने को कहा।
  • उन्होंने कहा, आज हमें और गरीबों को जो ये मूलभूत अधिकार मिले हैं, वे उनकी देन हैं। हमें इसे नहीं भूलना चाहिए।
  • खरगे ने आगे कहा, मौजूदा सरकार ने ऐसा एक भी काम नहीं किया है। मौजूदा सरकार ने किसी को भी कोई ‘अधिकार’ नहीं दिया।
  • उन्होंने कहा, हमने भोजन का अधिकार दिया, शिक्षा का अधिकार दिया और काम का अधिकार दिया। हमने ये सभी काम किए।
  • उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की आदत है कि जिन कामों को उन्होंने नहीं किया, उनका भी श्रेय वे खुद लेने लगते हैं।
  • उन्होंने कहा, ठीक है, उनकी बात कौन सुनेगा? इतिहास गवाह है। इतिहास में लिखा है कि कौन सा कानून कब, किसके लिए और कैसे बनाया गया। लोगों को भी इसकी जानकारी है।

देश का 90 फीसदी विकास कांग्रेस ने किया

उन्होंने लोगों की आर्थिक स्थिति बेहतर करने का श्रेय भी कांग्रेस को दिया। खरगे ने दावा किया कि देश ने आज तक जितना विकास किया है, उसमें 90 फीसदी योगदान कांग्रेस का है। उन्होंने कहा, आज देश में जो विकास दिखाई देता है, वह कांग्रेस की वजह से है। आज देश में जो विकास हुआ है, उसमें कांग्रेस का 90 फीसदी योगदान है। हमने लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारी, सिर्फ नाम नहीं बदले। लेकिन ये लोग सिर्फ श्रेय लेते हैं। यह ज्यादा समय तक नहीं चलेगा।

शास्त्री, नेहरू और इंदिरा गांधी को किया याद


कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि नेहरू ने IIT, IIM और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। लाल बहादुर शास्त्री के हरित और श्वेत क्रांति को मजबूत करने के प्रयासों और इंदिरा गांधी के 1971 के युद्ध के दौरान रणनीतिक नेतृत्व तथा सिक्किम के भारत में विलय का भी जिक्र किया।

नेहरू ने धर्मनिरपेक्ष भारत की रखी थी नींव

खरगे ने कहा कि आज देश आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है। नेहरू ने आधुनिक, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष भारत की नींव रखी। उन्होंने आईआईटी, आईआईएम और पीएसयू स्थापित किए। नेहरू ने देश के लिए बहुत कुछ किया, लेकिन उनमें अहंकार नहीं था। शास्त्री ने देश में श्वेत और हरित क्रांति की नींव को मजबूत किया। इंदिरा गांधी ने भारत की सैन्य और रणनीतिक क्षमता को मजबूत किया और बांग्लादेश के निर्माण में भी बड़ी भूमिका निभाई। हमने सिक्किम को भी भारत में शामिल किया। ये सभी काम कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने किए। 

You may have missed