देशगौतम बुद्ध नगर

यूपीआइटीएस का आज गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन ,वैश्विक कारोबार के मंच पर दिखेगी यूपी की ताकत

यूपीआइटीएस का आज गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन ,वैश्विक कारोबार के मंच पर दिखेगी यूपी की ताकत
filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 8;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 35;
  • पांच दिवसीय ट्रेड शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे मौजूद
  • छह देश पहली बार पार्टनर कंट्री के रूप में होंगे शामिल, 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : नालेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार से पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआइटीएस) के चौथे संस्करण का आगाज होगा। गृहमंत्री अमित शाह ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। ट्रेड शो में इस बार पहली बार आस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल हो रहे हैं। इन देशों की भागीदारी से प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार, निवेश, तकनीकी सहयोग और व्यापारिक साझेदारी के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता कर ट्रेड शो की तैयारियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूपीआइटीएस प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ने का बड़ा मंच बन चुका है। इस वर्ष ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदारों एवं आगंतुकों और 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आने की संभावना है। अब तक 72 देशों के विदेशी खरीदारों ने पंजीकरण कराया है। होस्टेड बायर प्रोग्राम के माध्यम से वास्तविक खरीदारों, आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट, प्रोक्योरमेंट प्रमुख, व्यापार संघों और व्यावसायिक संस्थानों को जोड़ा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों के साथ बीटूबी बैठकें तथा विभिन्न सेक्टरों में नीति सत्र आयोजित होंगे। इससे प्रदेश में निवेश और व्यापार विस्तार की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कई प्रमुख सेक्टरों के उत्पाद होंगे प्रदर्शित

ट्रेड शो में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, आटोमोबाइल, ईवी व आटो कंपोनेंट्स, एविएशन, रक्षा, इलेक्ट्रानिक्स, ई-कामर्स, आइटी, स्मार्ट सिटी साल्यूशंस, फिल्म एवं मनोरंजन, मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी, फूड प्रोसेसिंग, एफएमसीजी, बागवानी, हैंडलूम, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल्स, स्वास्थ्य, आयुष, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल उपकरण, इंफ्रास्ट्रक्चर, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, रियल एस्टेट, पर्यटन, हास्पिटैलिटी, स्पोर्ट्स, खिलौने, रिन्यूएबल एनर्जी, पावर, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, रिटेल, वित्तीय सेवाएं, शिक्षा एवं कौशल समेत कई क्षेत्रों की भागीदारी रहेगी।

ओडीओपी के साथ दिखेगी यूपी की खान-पान की विरासत

इस वर्ष वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के साथ वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन को भी विशेष पहचान दी जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय पाक विधियां और खाद्य विरासत को देश-विदेश से आने वाले खरीदारों और आगंतुकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि एमएसएमई उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं। सरकार ऐसा कारोबारी ईकोसिस्टम विकसित करने पर जोर दे रही है, जिससे उद्यमियों को नवाचार, निवेश, रोजगार और वैश्विक बाजारों तक पहुंच के अवसर मिल सकें। यूपीआइटीएस इसी दिशा में महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम कर रहा है।

पत्रकार वार्ता में एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी मेधा रूपम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।