भारत अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने पर पीएम मोदी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति से फोन पर बात की

डिजिटल डेस्क । भारत अमेरिका के रिश्तों को मजबूत करने पर शनिवार देर रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच फोन पर वार्तालाप हुई। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक सामरिक साझेदारी को प्रमुख क्षेत्रों में और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर पोस्ट कर लिखा कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का फोन आया। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक सामरिक साझेदारी को प्रमुख क्षेत्रों में और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस को पुत्र की प्राप्ति पर बधाई दी और पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं। यह बातचीत भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के निरंतर प्रयासों के बीच हुई है। दोनों देश व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ऊर्जा और लोगों के बीच आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।