पाकिस्तान जाने को कहकर घर से निकली महिला के कनेक्शन तलाशने में जुटी ATS

WhatsApp Image 2026-08-08 at 11.28.37 PM

एटीएस की टीम ने शनिवार को महिला से करीब दो घंटे तक की पूछताछ, आइबी की टीम ने देर शाम महिला और स्वजन से जुटाई जानकारी

डिजिटल डेस्क : पाकिस्तान जाने की जिद में घर से निकली सिंभावली क्षेत्र के गांव हरौड़ा की निवासी तवस्सुम के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। राजस्थान के बीकानेर में महिला के मिलने और वहां भी पाकिस्तान जाने की बात कहने के बाद ATS से लेकर IB और ALIU तक सक्रिय हो गई हैं। शनिवार को ATS की टीम सिंभावली थाने पहुंची और महिला से करीब दो घंटे तक पूछताछ की। टीम ने उसके घर से निकलने से लेकर बीकानेर पहुंचने तक की पूरी जानकारी जुटाई। हालांकि अभी तक महिला के किसी आतंकी संगठन या पाकिस्तान स्थित नेटवर्क से संबंध होने की पुष्टि नहीं हो सकी है। बता दें कि जांच कर रहीं टीमों की जानकारी में आया है कि सिंभावली थानाक्षेत्र के गांव हरौड़ा निवासी अमजद कबाड़ का कार्य करते हैं। अमजद के पिता इसत्याक गन्ना क्रेशर चलाते हैं। अमजद की पत्नी तवस्सुम कुछ महीनों से पाकिस्तान जाने की जिद कर रही थी। मंगलवार सुबह चुपचाप पाकिस्तान जाने के लिए निकल गई। बृहस्पतिवार को उसके राजस्थान के बीकानेर में मिलने की जानकारी सामने आई। वहां कोर्ट गेट थाना पुलिस ने महिला को रोककर पूछताछ की, तो उसने पाकिस्तान जाने की बात कही। महिला से उसके स्वजन के संबंध में जानकारी ली गई और उसके पति से संपर्क किया गया। पति अमजद बीकानेर पहुंचे और महिला को अपने साथ लेकर हापुड़ लौट आए। महिला तवस्सुम के बीकानेर तक पहुंचने और पाकिस्तान जाने की बात सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया। शनिवार को ATS की टीम सिंभावली थाने पहुंची। टीम ने महिला से करीब दो घंटे तक अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन, संपर्क, घर से निकलने के कारण और बीकानेर तक पहुंचने के संबंध में भी जानकारी जुटाए जाने की बात सामने आई है। देर शाम IB की टीम ने भी महिला के घर पहुंची। टीम ने महिला के अलावा उसके परिवार के लोगों से बातचीत कर उसके व्यवहार, संपर्क और पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई। महिला पाकिस्तान जाने की बात क्यों कह रही थी और क्या किसी व्यक्ति के संपर्क में थी, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई गई। हालांकि महिला के स्वजन का कहना है कि वह अपने बेटी को पाकिस्तान में पढ़ाने के लिए वहां जा रही थी।
सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के साथ ही स्थानीय स्तर पर LIU ने भी जांच शुरू कर दी है। गांव में महिला के आसपास रहने वाले लोगों और उसके संपर्क में रहने वालों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए हैं। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला के पाकिस्तान जाने की इच्छा के पीछे कोई व्यक्ति, संपर्क या अन्य वजह तो नहीं थी। फिलहाल जांच एजेंसियां महिला के बयान और उसके संपर्कों का सत्यापन कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से अभी तक किसी आतंकी कनेक्शन की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं ग्राम प्रधान दानिश ने बताया कि उसे भी थाने बुलाया गया था वहां पर ATS और IB के अधिकारियों ने महिला और परिवार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनको सभी जरूरी जानकारी दे दी है। इससे अधिक बातचीत करने के लिए अधिकारियों ने मना किया है। वहीं दूसरी ओर थाना सिंभावली SHO सुरेश कुमार ने बताया कि हरौड़ा गांव की तवस्सुम पाकिस्तान जाने के लिए घर से गई थी। वह मानसिक रूप से कमजोर नहीं है। पाकिस्तान जाने की जिद करने का कारण समझ में नहीं आ रहा है। खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने पूछताछ की है। हम पूछताछ में शामिल नहीं रहे हैं। फिलहाल महिला को घर पर भेज दिया गया है।

You may have missed